टिंडर पर दोस्ती, होटल में बुलाकर लूटपाट.. मां-बेटी गिरफ्तार

रेप केस में फंसाने की धमकी देकर भी करती थीं वसूली, पांच साल से कई राज्यों में सक्रिय होने का आरोप

फरीदाबाद। डेटिंग ऐप टिंडर पर दोस्ती, फिर होटल में मुलाकात और उसके बाद लूटपाट व ब्लैकमेलिंग। फरीदाबाद पुलिस ने कथित तौर पर इसी तरीके से लोगों को निशाना बनाने वाली मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों फर्जी पहचान बनाकर लोगों से दोस्ती करती थीं और मिलने के बहाने होटल में बुलाकर उन्हें नशीला पदार्थ पिला देती थीं। इसके बाद लूटपाट करने के साथ ही दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलती थीं।
पुलिस ने 50 वर्षीय मां को गुरुग्राम और उसकी 24 वर्षीय बेटी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले करीब पांच साल से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थीं। अंडमान-निकोबार, गुजरात, सूरत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी उनके खिलाफ इस तरह की वारदातों की जानकारी सामने आई है।

अलग-अलग नामों से बनाती थीं पहचान

पुलिस जांच में सामने आया कि मां-बेटी टिंडर पर अलग-अलग नामों से प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करती थीं। बातचीत के जरिए पहले दोस्ती बढ़ाई जाती और फिर मिलने का प्रस्ताव देकर होटल बुलाया जाता था। आरोप है कि दोनों खासतौर पर ऐसे लोगों को निशाना बनाती थीं, जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी दिखाई देती थी।

होटल में मुलाकात के बाद लूटपाट का आरोप

आरोप है कि होटल में मुलाकात के दौरान दोनों लोगों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनके सामान और नकदी पर हाथ साफ कर देती थीं। इसके बाद पीड़ितों पर ब्लैकमेलिंग का दबाव बनाया जाता था। दुष्कर्म के मामले में फंसाने और बदनामी का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम मांगी जाती थी।

प्रॉपर्टी डीलर से कई लाख रुपये वसूलने का आरोप

फरीदाबाद के एक प्रॉपर्टी डीलर को भी मां-बेटी ने कथित तौर पर निशाना बनाया था। आरोप है कि दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे कई लाख रुपये वसूले गए। इसी मामले की जांच क्राइम ब्रांच एनआईटी कर रही थी। जांच में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

कई राज्यों तक फैला नेटवर्क, पुलिस कर रही जांच

पुलिस पूछताछ में अंडमान-निकोबार, गुजरात, सूरत और हरियाणा के अलग-अलग शहरों में भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिली है। पुलिस अब पुराने मामलों, कथित वसूली की रकम और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

क्राइम ब्रांच बड़खल ने दोनों को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों का ब्योरा भी खंगाल रही है।