लंबित वेतन, पेंशन भुगतान और संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर ईओ पवन कुमार को सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद के कर्मचारियों ने लंबित वेतन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं समेत विभिन्न मांगों को लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन ने मंगलवार को अधिशासी अधिकारी पवन कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए 13 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं होने पर 14 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
टाउनहाल स्थित अधिशासी अधिकारी कार्यालय पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। संगठन की नगरपालिका इकाई के अध्यक्ष बृजमोहन और महामंत्री विकास शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कहा कि उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं और बार-बार अवगत कराने के बावजूद उनका समाधान नहीं किया जा रहा है।
संगठन पदाधिकारियों के अनुसार, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सात जुलाई को भी अधिशासी अधिकारी को पत्र दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अध्यक्ष बृजमोहन ने कहा कि कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए लगातार प्रशासन के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिसके चलते संगठन को आंदोलन की चेतावनी देने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
ज्ञापन में उठाई गईं ये प्रमुख मांगें
ज्ञापन में कर्मचारियों के लंबित वेतन और अन्य देयकों का भुगतान कराने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
इसके अलावा चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े लंबित मामलों का निस्तारण करने और कर्मचारियों के हितों से जुड़े अन्य प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों को उनके वैधानिक और लंबित भुगतान समय पर मिलना चाहिए।
संगठन ने पालिका प्रशासन को 13 सितंबर तक मांगों के निस्तारण की समयसीमा दी है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय तक समाधान नहीं होने पर 14 सितंबर से कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। संगठन ने कहा कि हड़ताल की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।
ईओ बोले—पुरानी मांगों को ही दोहराया गया
उधर, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने कर्मचारी संगठन के आरोपों और हड़ताल की चेतावनी पर अलग रुख जताया है। उन्होंने बताया कि कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी मंगलवार को कार्यालय पहुंचे थे और ज्ञापन सौंपा था।
ईओ का कहना है कि ज्ञापन में मुख्य रूप से पुरानी मांगों को ही दोहराया गया है, जिनका समाधान पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरपालिका प्रशासन पर आउटसोर्स कर्मचारियों का कोई बकाया नहीं है।
पवन कुमार ने कहा कि पालिका प्रशासन कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और नियमानुसार उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
हड़ताल की कोशिश पर कार्रवाई की चेतावनी
हड़ताल की चेतावनी पर ईओ ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि नगरपालिका में किसी भी कीमत पर हड़ताल नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों को बरगलाकर कार्य बहिष्कार या हड़ताल कराने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे में कर्मचारी संगठन और नगरपालिका प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। यदि 14 सितंबर से कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर जाते हैं तो सफाई व्यवस्था, कार्यालयी कार्य, राजस्व संबंधी कामकाज और जनता से जुड़ी अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन की नगरपालिका इकाई के अध्यक्ष बृजमोहन, महामंत्री विकास शर्मा, मोहम्मद सालिम, आकाशदीप, मोहम्मद नदीम, धर्मपाल सिंह और सुनील वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











