मदीना पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में मेस्को दधेड़ू के पदाधिकारियों का स्वागत, शुरुआत में 600 बच्चे हुए थे शामिल, अब संख्या बढ़कर करीब दो हजार पहुंची
मुजफ्फरनगर। खालापार स्थित मदीना पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में आयोजित स्वागत समारोह में मेस्को दधेड़ू की ओर से सीरतुन्नबी प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में धार्मिक ज्ञान और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में संगठन के सचिव मास्टर नईम अहमद और रियासत अली का स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं ने कुरआन की तिलावत, स्वागत गीत और सीरतुन्नबी पर भाषण प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई।
डॉ. शमीमुल हसन ने कहा कि सीरतुन्नबी के विषय पर बड़े स्तर पर प्रतियोगिता कराना सराहनीय पहल है। इससे नई पीढ़ी को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ﷺ के जीवन और शिक्षाओं से परिचित होने का अवसर मिलता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को धार्मिक और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताया।

600 बच्चों से शुरू हुआ सफर, अब दो हजार ले रहे हिस्सा
मेस्को दधेड़ू के सचिव मास्टर नईम अहमद ने बताया कि वर्ष 2020 में दधेड़ू गांव में कुछ जागरूक लोगों ने बच्चों में इस्लामी जानकारी और सीरत-ए-रसूल के प्रति समझ बढ़ाने के उद्देश्य से संगठन की स्थापना की थी। शुरुआत में प्रतियोगिता में करीब 600 बच्चों ने हिस्सा लिया था। बच्चों के साथ उनके परिवारों को भी सीरत से जोड़ने के लिए प्रतिभागियों के घरों तक पुस्तकें पहुंचाई गईं।
उन्होंने बताया कि संगठन के प्रयासों से अब प्रतियोगिता में करीब दो हजार बच्चे भाग ले रहे हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता की परीक्षा एक नवंबर को मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जिलों के 16 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके बाद 13 दिसंबर को विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में बुद्धिजीवी और उलेमा बच्चों को सीरतुन्नबी के बारे में संबोधित करेंगे।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में छात्र-छात्राओं ने कुरआन की तिलावत, स्वागत गीत और हिंदी-उर्दू व अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत किए। सीरतुन्नबी के विषय पर बच्चों के विचारों को उपस्थित लोगों ने सराहा।
कलीम त्यागी ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मेस्को दधेड़ू की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर बधाई देते हुए विद्यालय के संस्थापक, प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। मास्टर नदीम मलिक ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
तहसीन अली असारवी ने समारोह के आयोजन और मेस्को दधेड़ू की शैक्षिक एवं धार्मिक गतिविधियों को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम में डॉ. शमीमुल हसन, मास्टर नईम अहमद, रियासत अली, कलीम त्यागी, तहसीन अली असारवी, मास्टर नदीम मलिक, अब्दुस्समद रईनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।













