यूनानी चिकित्सा पद्धति स्वास्थ्य संरक्षण में निभा रही अहम भूमिका : प्रो. जमाल अख्तर

अल्लामा इकबाल यूनानी मेडिकल कॉलेज पहुंचे प्रदेश के यूनानी सेवाओं के निदेशक, कॉलेज परिसर का किया भ्रमण

चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता, यूनानी पद्धति के विकास और भविष्य की संभावनाओं पर हुआ विस्तार से मंथन

मुजफ्फरनगर। (मो. सुहैल)। रुड़की रोड स्थित अल्लामा इकबाल यूनानी मेडिकल कॉलेज में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के अंतर्गत यूनानी सेवाओं के निदेशक प्रो. जमाल अख्तर का आगमन हुआ। उनके कॉलेज पहुंचने पर प्रबंधन की ओर से गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर का भ्रमण किया और यूनानी चिकित्सा पद्धति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों, शैक्षणिक व्यवस्था तथा चिकित्सा शिक्षा के वातावरण की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान प्रो. जमाल अख्तर ने यूनानी चिकित्सा पद्धति के महत्व, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, विशिष्टताओं और वर्तमान स्वास्थ्य सेवाओं में उसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यूनानी चिकित्सा पद्धति भारत की समृद्ध चिकित्सा परंपराओं में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। इसका दृष्टिकोण केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य को बनाए रखने, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष जोर देता है।
उन्होंने कहा कि बदलते समय में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है। ऐसे में यूनानी चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत बनाने की आवश्यकता है, ताकि इस पद्धति की विशेषताओं और संभावनाओं को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सके। उन्होंने यूनानी चिकित्सा के विकास में शिक्षण संस्थानों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर तस्लीम उल हक ने प्रो. जमाल अख्तर का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से कॉलेज परिवार को मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उन्होंने यूनानी चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और इस क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा अतिथि का आभार व्यक्त किया।
कॉलेज के प्रिंसिपल मुश्ताक हुसैन ने भी शैक्षणिक गतिविधियों और यूनानी चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के प्रशिक्षण, यूनानी चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार और भविष्य में इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को लेकर चर्चा हुई।
इस दौरान प्रो. एमएच अंसारी, फाइनेंस डायरेक्टर एसके गोयल और एडमिशन डायरेक्टर सैयद अरीब सहित कॉलेज के शिक्षक, स्टाफ सदस्य और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कॉलेज प्रबंधन ने प्रो. जमाल अख्तर के दौरे को संस्थान के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन से यूनानी चिकित्सा शिक्षा और चिकित्सा पद्धति के विकास को नई दिशा मिलेगी।