UDO बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस की तैयारियों की समीक्षा, नई नियुक्तियों के साथ सदस्यता अभियान पर फोकस
NEW DELHI । उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और संगठनात्मक मजबूती को लेकर उर्दू डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन दिल्ली स्टेट ने अपनी गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को बल्लीमारान स्थित बारात घर में आयोजित संगठन की बैठक में 9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और उर्दू भाषा के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता शेख अलीमुद्दीन असअदी ने की, जबकि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद अहमद खान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक मामलों पर चर्चा के साथ पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई।
नई नियुक्तियों के साथ संगठनात्मक फेरबदल
बैठक में संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से डॉ. नजमुस्सहर खान को दिल्ली स्टेट का उपाध्यक्ष और मोहम्मद नासिर को सचिव नियुक्त किया गया। वहीं, चार जोन के लिए पूर्व में नियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने की आवश्यकता जताई गई।
उर्दू लिपि के संरक्षण पर जोर
बैठक में उर्दू भाषा के संरक्षण और विकास को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने उर्दू लिपि को अनिवार्य रूप से अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि भाषा और साहित्य की विरासत को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
सदस्यों ने संकल्प लिया कि उर्दू भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा। आगामी 9 नवंबर को विश्व उर्दू दिवस के आयोजन को सफल बनाने के लिए भी सभी सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक में डॉ. मुफ्ती जावेद अनवर, इंजीनियर फिरोज मुजफ्फर हनफी, शहादत अली निजामी, मोहम्मद वसीम सिद्दीकी, हकीम हाफिज मोहम्मद मुर्तजा देहलवी, मोहम्मद शारिक, मोहम्मद इमरान कन्नौजी, अब्दुल वाहिद, मोहम्मद नासिर, डॉ. नजमुस्सहर खान, हकीम अखलाक अहमद, गुलजार अहमद और मुजद्दिदुद्दीन सरवर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।