1453 वोट पाकर उपाध्यक्ष पद पर हासिल की जीत, गढ़ी नौआबाद में खुशी का माहौल

मुजफ्फरनगर। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज के छात्र संघ चुनाव में मुजफ्फरनगर के ग्राम गढ़ी नौआबाद निवासी उदय रघुवंशी ने उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने कुल 1453 वोट हासिल कर उपाध्यक्ष पद अपने नाम किया। उनकी जीत से परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
उदय रघुवंशी ग्राम गढ़ी नौआबाद के प्रतिष्ठित कृषक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह क्षेत्र के सम्मानित किसान चौधरी महेंद्र सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान के पौत्र और अरविंद आर्य के सुपुत्र हैं। उदय वर्तमान में हंसराज कॉलेज में बीएससी फिजिक्स द्वितीय वर्ष के छात्र हैं।
1987 में निर्विरोध प्रधान चुने गए थे दादा
उदय रघुवंशी के दादा चौधरी महेंद्र सिंह वर्ष 1987 में गढ़ी नौआबाद के निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। क्षेत्र में उनकी सादगी और व्यवहारकुशलता के लिए पहचान है। उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ उदय की इस उपलब्धि को भी क्षेत्र के लोग गौरव से जोड़कर देख रहे हैं।
गांव में खुशी का माहौल
हंसराज कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर उदय रघुवंशी की जीत की खबर मिलते ही गढ़ी नौआबाद और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, परिचितों और परिवार के लोगों ने उदय को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुजफ्फरनगर के उदय ने दिल्ली में गाड़ा जीत का झंडा, हंसराज कॉलेज में बने उपाध्यक्ष













