अहोई अष्टमी के व्रत से एक दिन पहले उजड़ गई मां की दुनिया, दौड़ प्रतियोगिता के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरा था कक्षा चार का छात्र
मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के रायपुर नगली गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित खेलकूद कार्यक्रम के दौरान दौड़ लगाते समय 10 वर्षीय छात्र निहाल अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह कार्डियक अटैक बताई जा रही है।
निहाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सबसे बड़ा दुख उस मां पर टूटा, जो अहोई अष्टमी के व्रत की तैयारी कर रही थी। व्रत से ठीक एक दिन पहले बेटे की मौत ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। निहाल तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दौड़ लगाते समय अचानक गिर पड़ा मासूम
बताया गया कि शनिवार को विद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। कक्षा चार में पढ़ने वाला निहाल भी अन्य बच्चों के साथ दौड़ प्रतियोगिता में शामिल था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। स्कूल के शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। पहले खतौली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बेगराजपुर स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले- स्कूल से बिल्कुल ठीक गया था बेटा
मृतक छात्र के पिता प्रमोद ने बताया कि उनका बेटा घर से बिल्कुल ठीक हालत में स्कूल गया था। वहां पटेल जयंती के कार्यक्रम में खेलकूद के दौरान अचानक गिर पड़ा। शिक्षकों ने जानकारी मिलते ही उसे अस्पताल पहुंचाया। पहले खतौली सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे बेगराजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब दस मिनट जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी मौत की जानकारी दी। पिता के मुताबिक चिकित्सकों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई।
प्रमोद ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा था। निहाल उनका इकलौता बेटा था और सरकारी स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। उन्होंने बताया कि इससे पहले बच्चे को कभी ऐसी परेशानी नहीं हुई थी।
बीएसए ने दी घटना की जानकारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि विद्यालय में खेलकूद के दौरान छात्र अचानक बेहोश होकर गिर गया था। शिक्षकों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्डियक अटैक से मौत होने की बात सामने आई है।
नन्हे निहाल की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में बेटे की हंसी-खुशी से रौनक रहती थी, वहां अब मातम पसरा है। तीन बहनों के इकलौते भाई के यूं दुनिया से चले जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।












