घरेलू विवाद के बाद महिला ने खाया सल्फास, दो मासूम बच्चों को भी दिया जहर
टमाटर और अन्य घरेलू बातों को लेकर चल रहा था पति-पत्नी में विवाद, उपचार के बाद तीनों खतरे से बाहर
(अनिल शर्मा )

UP में मेरठ के मवाना नगर के भैंसा रोड स्थित मुन्नालाल नगर कॉलोनी में गुरुवार सुबह घरेलू कलह के चलते एक महिला ने कथित रूप से सल्फास का सेवन कर लिया। इससे पहले उसने अपने दो मासूम बच्चों को भी जहर दे दिया। घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मुस्कान (23) मूल रूप से खतौली की रहने वाली है। करीब तीन वर्ष पूर्व उसका विवाह मवाना निवासी फैजान से हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी मिरहा और बेटा अबू बकर शामिल हैं। फैजान शीतल प्लाजा में किराये की दुकान पर कपड़ों का कारोबार करता है।
परिजनों के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि खाने में टमाटर अधिक डालने की बात को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके अलावा दो दिन पूर्व बच्चे द्वारा बिस्तर पर शौच कर देने को लेकर भी विवाद हुआ था। लगातार चल रही पारिवारिक अनबन के चलते महिला मानसिक तनाव में थी।
गुरुवार सुबह मुस्कान ने अपनी सास जैतून पत्नी इरफान को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है और दोनों बच्चों को भी जहर दे दिया है। यह सुनते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फैजान की भाभी नाजमीन मौके पर पहुंचीं और तीनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर बाद शादाब पुत्र जीशान समेत अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला और दोनों बच्चों का उपचार जारी है तथा फिलहाल तीनों की स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














