प्रो. आर.के. सिंह बने यूनिवर्सिटी के कृषि संकाय अध्यक्ष

मुजफ्फरनगर/सहारनपुर। सी.सी.आर. (पी.जी.) कॉलेज, मुजफ्फरनगर के हॉर्टिकल्चर विभागाध्यक्ष प्रो. आर.के. सिंह को मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर में कृषि संकाय अध्यक्ष (डीन ऑफ एग्रीकल्चर) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर शिक्षा एवं कृषि जगत में खुशी का माहौल है।
प्रो. सिंह कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लंबे समय से कार्यरत हैं। उन्होंने अपने शैक्षणिक और शोध कार्यों के माध्यम से कृषि एवं बागवानी विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रो. आर.के. सिंह ने कहा कि वह कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि कृषि संकाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए तथा विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने अपनी नियुक्ति पर विश्वविद्यालय प्रशासन, सहयोगियों, वरिष्ठजनों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से कृषि संकाय विकास और उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा।
उनकी नियुक्ति पर कॉलेज परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।