–ब्रहमपुरी के सिटी गार्डन में हुई सनसनीखेज घटना से हड़कंप
मेरठ। ब्रह्मपुरी के सिटी गार्डन में अवैध संबंधों के चलते दंपती की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। बेटी ने पूरा वाकया देखकर पुलिस को जानकारी दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया। दंपती हत्या के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस के अफसर भी मौके पर पहुंच गए। इस सनसनीखेज मर्डर के बाद क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया।

पुलिस ने बताया कि सिटी गार्डन में आबाद और दानिश आसपास रहते हैं। दानिश के पास कंकरखेड़ा में रहने वाला उसका भतीजा समीर भी आता जाता था। समीर की दोस्ती आबाद से हो गई। आबाद मुर्गी के बच्चे बेचने का काम करता था। आबाद के घर समीर का आना जाना हो गया, उसके बाद समीर के संबंध आबाद की पत्नी जाविदा से हो गए। शक के आधार पर आबाद ने समीर के घर आने जाने पर रोक लगा दी थी।
बेटी को धक्का देकर भागा आरोपित
सोमवार की रात को समीर छूरी लेकर आबाद के घर आया था। रात करीब तीन बजे समीर ने पहले आबाद की गर्दन काटकर हत्या की। उसके बाद पत्नी जाविदा को मार डाला। उनकी बेटी जाग गई तो उसे धक्का देकर समीर मौके से भाग गया। समीर के जाने पर आबाद की बेटी सानिया ने शोर मचा दिया। उसके बाद आसपास के सभी लोग मौके पर पहुंच गए। घर के अंदर खून खराब देखकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी
ब्रह्मपुरी पुलिस और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर मामले की जानकारी जुटाई। सानिया ने पूरा वाकया पुलिस को बताया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि समीर की तलाश की जा रही है। अवैध संबंधों के चलते ही दंपती को मौत के घाट उतारा गया है।















